शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने अन्ना हजारे को पत्र लिखकर उनसे अनशन तोड़ने की अपील की है। ठाकरे ने पत्र में कहा है कि अनशन खत्म करके भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन जारी रखा जा सकता है। चाहें तो आपके अन्य सहयोगी अरविंद केजरीवाल, किरण बेदी और मनीष सिसौदिया आदि अनशन जारी रख सकते हैं। शिवसेना सांसद संजय राउत के जरिये यह पत्र अन्ना तक पहुंचाया गया है। अन्ना हजारे के प्रति बाल ठाकरे का रवैया अक्सर उपहासपूर्ण रहा है। कुछ सप्ताह पहले ही ठाकरे ने अन्ना के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए पूछा था, मैं अन्ना हूं लिखी टोपियां किसके पैसे से आ रही हैं। अन्ना ने महाराष्ट्र की शिवसेना-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान उनके एक वरिष्ठ मंत्री बबनराव घोलप के भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ किया था। उसके बाद से ही ठाकरे अन्ना पर प्रतिकूल टिप्पणियां करते रहे हैं। लेकिन, अब अन्ना हजारे के आंदोलन को मिल रहे देशव्यापी समर्थन को देखते हुए ठाकरे का हृदय परिवर्तन होता दिख रहा है। उन्होंने पत्र में लिखा है, राजनीति में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और टीका-टिप्पणी चलती रहती है। इससे हम और आप भी बचे नहीं हैं। लेकिन, आपसे विशेष नाते के चलते यह पत्र भेजकर विनती कर रहा हूं कि आप अपना अनशन समाप्त कर दें। दिल्ली के रामलीला मैदान में आपने भ्रष्टाचार के रावण से जबरदस्त युद्ध छेड़ रखा है। रामलीला मैदान भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई का कुरुक्षेत्र बन गया है। आपके इस युद्ध को देशभर से समर्थन मिल रहा है। जनजागृति की एक लहर आ गई है। वातावरण अन्नामय हो गया है। एक महान कार्य के लिए आपने जीवन रहने तक लड़ने की घोषणा की है।
Thursday, August 25, 2011
केजरीवाल, सिसोदिया और बेदी को करने दें अनशन
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment