जन लोकपाल बिल पारित कराने की मांग को लेकर अन्ना समर्थकों के विरोध का स्वर लगातार मुखर होता जा रहा है। बुधवार को भी सांसदों के घरों का घेराव जारी रहा। अन्ना समर्थकों ने मथुरा पहुंचे केंद्रीय पर्यटन मंत्री को काले झंडे दिखाए। इसके चलते उन्हें रास्ता बदलकर जाना पड़ा। केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोधकांत सहाय बुधवार को तलहटी स्थित पंडित गया प्रसाद की समाधि स्थल पर आए थे। पूजा के उपरांत मंत्री जब वापस गाड़ी की ओर बढ़े तो स्थानीय व कुछ मथुरा से आए लोगों ने मंत्री की गाड़ी के सामने आकर काले झंडे दिखाए व भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ ने मंत्री को गाड़ी से उतार लिया। मंत्री के साथ आए लोगों ने काले झंडे दिखा रहे युवाओं को वहां से हटाया। इसके बाद बाद में केंद्रीय मंत्री रास्ता बदल कर चले गए। आगरा में अछनेरा के ग्रामीणों ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से बसपा की सांसद सीमा उपाध्याय के घर का घेराव किया। गेट पर बैठकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। फोन पर बातचीत कर सीमा उपाध्याय ने जन लोकपाल बिल के समर्थन का आश्वासन दिया। बरेली में सुबह दस बजे इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने सपा से राज्यसभा सदस्य वीरपाल सिंह यादव के घर के सामने दिया। सांसद की गैरमौजूदगी में उनके भतीजे आदेश यादव ज्ञापन दिया। कांग्रेस के सांसद प्रवीन सिंह ऐरन के निवास पर दूसरे दिन भी प्रदर्शन हुआ। मुरादाबाद में कांग्रेस सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन के कैंप कार्यालय के बाहर अन्ना समर्थकों धरना जारी है। बुधवार को स्टूडेंट भी भारी संख्या में पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाई। अलीगढ़ में अन्ना हजारे के सिपाहियों ने एक घंटे तक सांसद राजकुमारी चौहान के घर के सामने रामधुन गई और वंदेमातरम के नारे लगाए। सांसद के नहीं मिलने पर गांधीगिरी अपनाते हुए उनके एक सेवक को ही ज्ञापन सौंपा।

No comments:
Post a Comment