Sunday, August 28, 2011

मंच से ललकार पर लोग चल पड़े पीएम हाउस

, नई दिल्ली रामलीला मैदान के मंच से पीएम हाउस पहुंचने की ललकार हुई और लोग चल पड़े प्रधानमंत्री निवास की ओर। मेट्रो के ठहराव पर पाबंदी लगा दी गई किंतु यह नुस्खा भी काम न आया। वहां पहुंचने का समय शाम पांच बजे था, लेकिन इस ऐलान से घबराई पुलिस ने तीन बजे से ही पीएम हाउस के पांच किलोमीटर के दायरे को छावनी में तब्दील कर दिया। फिर भी कुछ लोग पीएम हाउस तक पहुंच गए। जिन लोगों को पुलिस ने जगह-जगह बेरिकेट लगाकर रोक दिया, वे वहीं पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। लोगों ने प्रधानमंत्री, राहुल गांधी, सोनिया गांधी व कपिल सिब्बल पर जमकर भड़ास निकाली। पीएम हाउस के आसपास आधा दर्जन जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। उन्होंने गिरफ्तारी भी दी। इस आंदोलन से घबराई पुलिस ने लोगों को हिरासत में तो लिया लेकिन कुछ को थाने ले गई और अधिकतर को दूर ले जाकर छोड़ दिया। टीम अन्ना के ऐलान पर गुरुवार दोपहर से ही हजारों लोग प्रधानमंत्री निवास सात रेस कोर्स के लिए चल पड़े। पुलिस ने पांच किलोमीटर के दायरे को सुरक्षा घेरे में लिया लेकिन इससे पहले करीब 150 लोग अचानक ऑटो व बाइकों से पीएम हाउस पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। इसके तुरंत बाद रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन चौराहा, अरविंदो रोड, सफदरजंग रोड, पृथ्वीराज रोड, औरंगजेब रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, पंचशील मार्ग और ताजमान सिंह होटल गोल चक्कर आदि जगहों पर बेरिकेटिंग कर दी गई। इससे पीएम हाउस जाने वाले लोग वहीं पर रुक गए और सड़क पर बैठ गए। लोगों ने जमकर नारेबाजी की और जन लोकपाल बिल को पास करने की मांग की। पुलिस ने इन जगहों से भी बड़ी संख्या में लोगों को बसों में भरकर उन्हें थाने ले जाने की बजाय कहीं और ले जाकर छोड़ दिया। सफदरजंग रोड से दो बसों में भरे गए लोगों को कनॉट प्लेस ले जाकर छोड़ दिया गया। सिर्फ पीएम हाउस से पकड़े गए 150 लोगों को तुगलक रोड और चाणक्यपुरी थाने ले जाया गया, लेकिन उनके खिलाफ भी धारा 144 के तहत कार्रवाई नहीं की गई। जबकि पीएम हाउस के पास हमेशा ही धारा 144 लगी होती है। पुलिस के अनुसार पीएम हाउस जाने वाले करीब 350 लोगों को ही हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया गया। लोग मेट्रो से प्रधानमंत्री के निवास तक न पहंुचे इसके लिए दिल्ली पुलिस के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने गुरुवार दोपहर तीन बजे से जहांगीरपुरी से हुडा सिटी सेंटर जाने वाली मेट्रो की लाइन संख्या-दो पर स्थित चार मेट्रो स्टेशनों उद्योग भवन, रेस कोर्स, जोरबाग व खान मार्केट पर मेट्रो के ठहराव को रोक दिया है। पुलिस से निर्देश मिलने पर इस सेवा को बहाल किया जाएगा। शाम करीब पांच बजे करीब आधा दर्जन महिला दोबारा पीएम हाउस के सामने पहुंच गई और नारेबाजी शुरू कर दी। वहां महिला पुलिस कर्मी न होने के कारण 15 मिनट तक वे नारेबाजी करती रहीं। शाम करीब साढ़े पांच बजे हजारों लोग तुगलक रोड थाने के पास पहुंच गए और वहां घंटों तक जमकर नारेबाजी की व भजन कीर्तन भी गाए। धीरे-धीरे वहां भीड़ बढ़ती गई। सभी जगहों से लोग वहीं पहुंच रहे थे। शाम करीब छह बजे के बाद नजारा यह था कि पूरे इंडिया गेट सर्किल व आसपास की सड़कें अन्ना समर्थकों से जाम हो गए।


No comments:

Post a Comment