Thursday, August 25, 2011

ऐसे हिट होते हैं टीम अन्ना के फार्मूले

केजरीवाल, नई दिल्ली अन्ना हजारे भले ही अपने अनशन के लिए गांधी के दशकों पुराने मंत्र से प्रेरणा लेते हों, लेकिन टीम अन्ना बॉलीवुड से ले कर हिंदी न्यूज चैनलों तक से प्रेरणा लेने में नहीं चूकती। यह वजह है कि इसके पास अपने आंदोलन को कामयाब बनाने के लिए रोज नए-नए फार्मूले होते हैं। देश भर में सांसदों को उनके घरों पर ही घेरने का सबसे ताजा और कामयाब फार्मूला आया है सुपरहिट फिल्में देने वाले फिल्म अभिनेता आमिर खान से। उनकी फिल्मों की ही तरह इस फार्मूले ने भी आते ही कामयाबी के झंडे गाड़ दिए और कहानी में हिंदी फिल्मों की तरह बदलाव ला दिया। इसी तरह अनशन से ठीक पहले एक रियलिटी शो में अन्ना को आने के लिए तैयार करना बेहद मुश्किल काम था। मगर गायक कैलाश खेर हमेशा से अन्ना के फैन रहे हैं। उन्होंने खुद अन्ना से बात की और अपनी पूरी योजना बताई तो वे मना नहीं कर सके। टीम अन्ना के एक वरिष्ठ सदस्य कहते हैं, हमारे पास जो भी आता है, समर्थन के साथ कुछ सुझाव ले कर आता है। यहां तक कि हमें पुलिस और खुफिया ब्यूरो के अधिकारी और कांग्रेसी नेताओं तक से सुझाव मिलते हैं। इन सब पर हम बाद में गंभीरता से चर्चा करते हैं। कपिल सिब्बल और राहुल गांधी जैसे कांग्रेसी सांसदों के क्षेत्र में जनमत संग्रह करवाने का कामयाब फार्मूला दिया प्रतिष्ठित चुनाव विश्लेषक योगेंद्र यादव ने। एक चर्चा के दौरान यह विचार आया और बस टीम अन्ना ने लपक लिया। फिर तो इन्होंने ही जनमत संग्रह के लिए सवालों की सूची भी बनाई और कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग भी दी। अन्ना के आंदोलन में भूमि अधिग्रहण का मसला ज्यादा पुराना नहीं। अगस्त में एक न्यूज चैनल के प्रमुख ने इन्हें बताया कि यह किसानों को उनके आंदोलन से जोड़ने वाला एक प्रमुख मुद्दा हो सकता है। फिर क्या था, अन्ना के लिए 15 अगस्त के राष्ट्र के नाम संबोधन में इसे दूसरा सबसे अहम मुद्दा बना दिया गया। नतीजे में रामलीला मैदान में हरियाणा के कई हजार किसान खुद से आ कर डटे हुए हैं। इसके अलावा, रेफरेंडम लेने और लोगों से टॉकशो में रूबरूशा होने के दौरान मिले सुझावों पर भी अन्ना की टीम ने समय-समय पर अमल किया।

1

No comments:

Post a Comment