Tuesday, August 30, 2011

चारा घोटाले में अदालत में पेश हुए लालू यादव

पटना बिहार के चर्चित चारा घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और जगन्नाथ मिश्र समेत 34 आरोपी सोमवार को विशेष सीबीआइ अदालत में पेश हुए। हालांकि अदालत में आरोप तय होने थे, लेकिन आरोपियों के अनुरोध पर अदालत ने सुनवाई टाल दी। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश बीके जैन की अदालत में पशुपालन विभाग द्वारा 1995-96 में जाली दस्तावेज से बांका और भागलपुर के कोषागारों से 47 लाख रुपए फर्जी तरीके से निकाले जाने के मामले में आरोप तय किए जाने थे। अदालत में पेश हुए लालू और मिश्र समेत आधा दर्जन आरोपियों ने न्यायाधीश के समक्ष अर्जी दाखिल की,जिसमें 18 अगस्त के फैसले को पटना उच्च न्यायालय में चुनौती देने की मोहलत मांगी गई थी। अदालत ने इस अर्जी को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई 21 सितंबर तक के लिए टाल दी। उल्लेखनीय है कि सीबीआई की विशेष अदालत ने बीते 18 अगस्त को सभी आरोपियों की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने आरोपों से बरी किए जाने की अपील की थी।


No comments:

Post a Comment