: भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए जनलोकपाल की मांग के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ विभिन्न शहरों में अनशन पर करने वाले दर्जनों लोगों की हालत खराब होती जा रही है। गुरुवार को अनशन के दसवें दिन हालत खराब होने के बाद भी अन्ना समर्थकों ने अनशन खत्म करने से साफ इंकार कर दिया। सभी का कहना है कि अनशन अन्ना के साथ ही खत्म होगा। मुंबई : आजाद मैदान में अन्ना के समर्थन में अनशन पर बैठे लोगों का स्वास्थ्य दिन-ब-दिन गिरता जा रहा है। इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आइएसी) के समन्वयक नरेश ठाकुर ने बताया, मैं 16 अगस्त से अनशन पर था। सातवें दिन तक मेरा वजन 12 किलो कम हो गया मैं और लगभग बेहोशी की हालत में पहुंच गया। मुझे अनशन समाप्त करने के लिए कहा गया, मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा। यहां 16 अगस्त से सात महिलाओं सहित 63 लोगों ने अन्ना के साथ ही अनशन शुरू किया है। इनमें से कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार तक पांच महिलाओं समेत 19 लोगों का अनशन जारी है। उन लोगों ने अनशन खत्म करने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक अन्ना अनशन नहीं समाप्त करते वह भी नहीं करेंगे। तमिलनाडु : अन्ना समर्थक अनशन समाप्त करने को राजी नहीं हैं। चेन्नई में पिछले दस दिनों से अनशन पर बैठे 20 लोगों की हालत तेजी से बिगड़ती जा रही है। आइएसी की ओर से गुरुवार को जारी बयान में कहा गया कि यहां 34 वर्षीय शिव इलांगो बीमार हैं और अब 81 वर्षीय अप्पैंद्रावेल को अब हिलने डुलने में भी परेशानी हो रही है। अनशन कर रहे कई लोग डायरिया, पेट में ऐंठन और अन्य तरह की बीमारियों के शिकार हो गए हैं। आइएसी ने पीलिया का शिकार होने के बाद चार लोगों को अनशन से हटा लिया। उड़ीसा : राज्य में 15 अन्ना समर्थक दस दिनं से अनशन पर बैठे हैं। आइएसी के स्थानीय समन्वयक राजनारायण जेना ने बताया कि दो लोग भुवनेश्वर में, आठ कालाहांडी में, चार बोलांगीर में और एक व्यक्ति संबलपुर में अनशन कर रहा है। अभी तक इनके स्वास्थ्य को लेकर कोई गंभीर समस्या नहीं आई है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अनशन पर बैठे चार लोगों की हालत धीरे-धीरे खराब होती जा रही है। इन में एक इंजीनियर, दूसरा इवेंट मैनेजर, तीसरा ठेकेदार और चौथे व्यक्ति ने सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए अपनी सरकारी नौकरी से त्यागपत्र दे दिया है। विपिन कोठारी नाम के 39 वर्षीय इंजीनियर ने कहा कि जब 74 वर्षीय अन्ना अनशन नहीं समाप्त कर रह हैं तो हम लोग कैसे अनशन खत्म कर दें? बिहार : अन्ना के समर्थन में विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को संसद में जनलोकपाल विधेयक पेश करने की मांग करते हुए बुद्धिजीवियों, वकीलों, छात्रों और कामगारों ने आइएसी की बिहार इकाई के बैनर तले राजधानी के कारगिल चौक पर अनशन जारी रखा। अन्ना की मांग के समर्थन में लोगों ने कई स्थानों पर जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश: लखनऊ के झूलेलाल पार्क में आमरण अनशन कर रहे अशोक कुमार व जेपी सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्ना के जन लोकपाल बिल की पैरवी में पहले दिन से आमरण अनशन पर बैठी नीलम इंसान ने कहा कि जब बुजुर्ग अन्ना हजारे देश के लिए भूखे रह सकते है तो हम क्यों नहीं। उनके साथ पुरुषोत्तम शुक्ला, उमेश शुक्ला, राहुल वर्मा, देवदत्त पांडेय व भुवन चंद्र पांडेय ने अन्ना के अनशन तक आमरण अनशन करने का एलान किया। वाराणसी में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग उपवास पर रहे। बांदा में अन्ना हजारे के समर्थन में अधिवक्ता दसवें दिन भी अनशन पर बैठे रहे।

No comments:
Post a Comment