Thursday, August 25, 2011

प्रधानमंत्री आवास के बाहर अन्ना समर्थकों ने किया प्रदर्शन

लोकपाल के मुद्दे पर आयोजित सर्वदलीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास के बाहर अन्ना समर्थकों ने प्रदर्शन कर विरोध जाहिर किया। बुधवार तीसरे पहर दर्जनों लोग वहां भजन-कीर्तन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन की सूचना के कारण पीएम आवास के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने सभी 150 लोगों को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक सभी प्रदर्शनकारियों को तुगलक रोड पुलिस थाने में रखा गया था। इससे पहले अन्ना समर्थकों ने भाजपा नेता सुषमा स्वराज के आवास पर भी प्रदर्शन किया था। जनलोकपाल बिल पास नहीं किए जाने पर अन्ना ने देशवासियों से तमाम नेताओं के आवास के सामने भजन करने का आह्वान किया था। इसके बाद से ही अन्ना समर्थकों का मंत्री, एमपी व एमएलए के घरों पर प्रदर्शन जारी है। बुधवार तीसरे पहर तीन बजे अन्ना समर्थको का एक ग्रुप सात रेस कोर्स रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचा। तकरीबन 150 लोगों ने जन लोकपाल बिल के समर्थन में भजन-कीर्तन करना शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने जन लोकपाल बिल पारित करो लिखा बैनर भी ले रखे थे। कुछ ही मिनट में पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।


No comments:

Post a Comment