Sunday, August 28, 2011

अन्ना कैंप में दिन भर चला बैठकों का दौर

नई दिल्ली जन लोकपाल के मुद्दों को लेकर बुधवार की रात सिविल सोसायटी और सरकार के बीच हुई बैठक विफल होने के बाद भी रामलीला मैदान सुबह से ही अन्ना समर्थकों के हुजूम से पटा पड़ा था। जहां एक तरफ सिविल सोसायटी अपनी रणनीति बनाने के लिए बैठक पर बैठक कर रही थी तो सरकार और अन्ना के बीच कड़ी का काम करने के लिए लोगों के साथ साथ अन्ना चहेतों का भी आना जाना लगा रहा। सिविल सोसायटी के सदस्यों की बैठक सुबह दस बजे शुरू हुई जो एक घंटे तक चली। इस मीटिंग में मेधा पाटेकर, किरण बेदी, अरविंद केजरीवाल, शांति भूषण व प्रशांत भूषण व अन्य सदस्यों ने भी हिस्सा। 10 बजकर 13 मिनट पर श्री श्री रवि शंकर मध्यस्थता करने पहुंचे। पहले वे अन्ना से मिले और 10.41 पर वे मंच पर चल रही बैठक में शरीक हुए और फिर तुरंत केजरीवाल के साथ अलग हट कर गुफ्तगू करते नजर आए। 10.48 पर जाते जाते कह गए कि बातचीत जारी है, हम फिर लौटेंगे। 10.56 पर जब मेधा पाटेकर मीटिंग से बाहर निकलीं तो उन्होंने कहा अगर सरकार के द्वारा बुलावा आता है तो हम जरूर जाएंगे, लेकिन कोई लिखित में ऐसा पत्र मिलेगा तभी हम विचार करेंगे। 11 बजे मीटिंग खत्म होने के बाद 11.35 को अन्ना मंच पर प्रकट हुए और आते ही भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद की जय जयकार लगाकर अपने स्वस्थ होने का सबूत दिया। अन्ना को सामने समर्थकों में फिर से जोश भर गया। कुछ समय बाद अन्ना के समर्थन में किसान नेता राकेश टिकैत सीवान के सांसद ओम प्रकाश यादव भी मंच पर आए। महाराष्ट्र के सांसद भाऊ साहब, शिवाजी आर आर पाटिल, दिलीप गांधी भी अनशन स्थल पहुंच कर जन लोकपाल बिल का संसद में समर्थन करने की बात कही। दोपहर एक बजे मंच पर फिल्म समीक्षक अशोक पंडित मंच पर आए और उन्होंने कहा जब पूरा देश जन लोकपाल बिल चाहता है तो सरकार क्यों नहीं चाहती? इसके बाद 2.36 पर एक बार फिर श्रीश्री रविशंकर अनशन स्थल पर पहुंचे। 2.45 पर फिर से कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई। इस बीच सरकार की तरफ से विलास राव देशमुख भी वहां पहुंचे और अन्ना को सरकार का पत्र दिया और अन्ना का जबाव लेकर वे वापस चले गए। इसी दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी का पत्र लेकर भाजपा प्रवक्ता रामलीला मैदान पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा निर्णायक मोड़ तक अन्ना के साथ हैं। 3.11 पर मंच पर चल रही बैठक में श्री श्री रविशंकर भी पहुंचे। 3.55 पर बैठक खत्म हुई। बैठक खत्म होने के बाद एक बार फिर मंच पर रघुपति राघव राजा राम..गीत बजने शुरू हुए। मंच पर विश्राम कर रहे अन्ना के कानों में जैसे ही यह आवाज गई वे हाथ हिला कर लोगों का अभिनंदन शुरू किया। इस दौरान अन्ना ने कहा हमारी सेहत की चिंता एसी में बैठने वाले लोगों को भी हो रही है, ऐसा वो कहते हैं, लेकिन मुझे लगता है मेरी चिंता सिर्फ आप लोगों को है, जो मेरे लिए कड़ी धूप में खड़े हैं।


No comments:

Post a Comment