Thursday, August 25, 2011

खुफिया निगरानी में रामलीला मैदान

नई दिल्ली सरकार से बढ़ रहे टकराव को देखते हुए रामलीला मैदान को खुफिया एजेंसी व आईबी ने पूरी तरह अपने घेरे में ले लिया है। अन्ना समर्थकों के वेष में आईबी व दिल्ली पुलिस के स्पेशल ब्रांच के लोग चप्पे-चप्पे पर फैल गए हैं और वे गृहमंत्रालय व पुलिस के आला अधिकारियों को रामलीला मैदान में घट रहे पल-पल की घटनाक्रम की जानकारी उन्हें दे रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आईबी व स्पेशल ब्रांच ने रिपोर्ट में कहा है कि अन्ना व उनके किसी भी सदस्य को रामलीला मैदान से जबरन हटाना बहुत ही गलत कदम होगा। जिसका भारी खामियाजा उठाना पड़ सकता है। आंदोलन के बढ़ते रूप को देखते हुए बड़ी संख्या में आईबी व स्पेशल ब्रांच के लोग साधारण व्यक्ति के वेष में रामलीला मैदान में फैल गए हैं। उनमें कोई टोपी, झंडा व अन्य सामान बेच रहे हैं तो कोई अन्ना की टोपी पहन हाथों में झंडा लिए अन्ना के समर्थन में नारे लगाते हुए हर व्यक्ति पर नजर रख रहे हैं। आईबी की कुछ खास टीमें इस बात पर नजर रख रही है कि वीआइपी प्रवेश द्वारों से कौन-कौन बड़ी हस्ती अन्ना के समर्थन में आ जा रहे हैं। उन पर भी नजर रखी जा रही है। रामलीला मैदान में सुरक्षा बढ़ाई गई : भ्रष्टाचार के विरोध में अनशन पर बैठे गांधीवादी अन्ना हजारे और उनके समर्थकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रामलीला मैदान की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मैदान के आसपास सुरक्षाकर्मियों की संख्या लगभग दोगुनी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के 60 से अधिक जवानों को हजारे के मंच के आसपास तैनात किया गया है। यहां दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के लगभग 500 जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने मैदान में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, हमने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। हमारे जवान हर पल मुस्तैद हैं।

No comments:

Post a Comment