: बाबा रामदेव ने अन्ना हजारे के जन लोकपाल पर संसद में चली दिन भर की कार्यवाही को लोकतंत्र की जीत बताया है। पतंजलि योगपीठ में पत्रकार वार्ता में उन्होंने दावा किया कि अन्ना हजारे के आंदोलन में पहली शहादत भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के कार्यकर्ता उड़ीसा निवासी अरुण दास ने दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में अरुण दास आठ दिन से अन्ना के समर्थन में अनशन कर रहे थे। अन्ना के जन लोकपाल पर संसद में चली बहस पर पूछे प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जनता की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है। बाबा रामदेव ने इस मामले में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के संसद में दिए गए वक्तव्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह कहना कि लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिया जाए, यह सही है और वे उसका समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह लड़ाई आगे और चलनी है क्योंकि अभी सिर्फ तीन ही बातों पर सहमति बनी है। यह तो सिर्फ एक शुरुआत मात्र है, जिसके लिए मैं सभी राजनीतिक दलों, आम जनता और अन्ना को धन्यवाद देता हूं।

No comments:
Post a Comment