Thursday, August 25, 2011

अन्ना आंदोलन से पसोपेश में कांगे्रस

बड़थ्वाल, देहरादून सूबे में भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार को घेरने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने दे रही कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ और जन लोकपाल बिल के समर्थन में अन्ना के आंदोलन से पसोपेश में है। अन्ना के समर्थन में बड़ी तादाद में लोगों के मूवमेंट से रिवर्स गियर में पहंुची प्रदेश कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल पर जोर दे रही है। विधानसभा चुनाव चुनाव पर इसका असर नहीं पड़े, लिहाजा पहले एक विधायक, फिर सांसदों के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष ने अन्ना का समर्थन कर पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की लाइन से कुछ अलहदा दिखने का जोखिम लिया। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस राज्य सरकार पर हमले के लिए भ्रष्टाचार समेत लोगों के दिलों में दस्तक देने वाले हर दांव आजमाने की रणनीति पर आगे कदम बढ़ा रही है। इस मुहिम में पार्टी को काफी हद तक कामयाबी भी मिली। सत्ता वापसी की कोशिशों में जुटी पार्टी प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने में जुटी है। धड़ों में बंटी पार्टी को नेताओं से ज्यादा भरोसा समर्पित कार्यकर्ताओं पर है। धड़ों में अंदरखाने चल रही टांग खिंचाई से आजिज आए प्रदेश प्रभारी चौ वीरेंद्र सिंह सक्रिय कार्यकर्ताओं के बूते सरकार के खिलाफ गांव-गली में माहौल बनाने का संकेत दे चुके हैं। अब अन्ना हजारे के देशव्यापी आंदोलन से केंद्र सरकार के विरोध में बनने वाली हवा से प्रदेश कांग्रेस बैकफुट पर है। सरकार पर गरजने-बरसने का एक भी दिन मौका नहीं चूकने वाले कांग्रेस नेताओं को अन्ना के मूवमेंट के बाद हफ्तेभर से सांप सूंघ गया है। अगस्त के दूसरे पखवाड़े से कांग्रेस की सत्तारूढ़ भाजपा और सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने की रणनीति पर बैक गियर लगा है। विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है, अन्ना इफेक्ट से कांग्रेसियों में खलबली है। इस वजह से केंद्र सरकार और पार्टी हाईकमान के स्टैंड से कुछ अलग भ्रष्टाचार को लेकर अन्ना के नजदीक खड़ा दिखाई देने में पार्टी क्षत्रपों ने गुरेज नहीं किया। अन्ना के समर्थन में ऊधमसिंहनगर जिले से पार्टी विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल सबसे पहले उतरे। इसके बाद सांसदों में केंद्रीय राज्यमंत्री हरीश रावत, सतपाल महाराज, विजय बहुगुणा व प्रदीप टम्टा ने भी अन्ना की मुहिम को सही ठहरा दिया। चुनाव में जनता से बनाई जा रही नजदीकी, दूरी में तब्दील न हो जाए, लिहाजा प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य भी अन्ना को समर्थन देने वालों की कतार में खड़े नजर आ रहे हैं।


No comments:

Post a Comment