अन्ना के आंदोलन ने देश में रहने वाले लोगों की एक बड़ी संख्या व खासतौर पर युवा वर्ग को जज्बाती बना दिया है। लोग देश के लिए मरने मिटने को तैयार हैं। मंगलवार तीसरे पहर राजघाट पर खुद को आग लगा लेने वाले दिनेश यादव को देखने से इसकी पुष्टि होती है। करीब 85 फसदी झुलसे दिनेश की डाक्टरों के मुताबिक हालत बेहद नाजुक है। ऐसी हालत में भी वह लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल के बर्न वार्ड में अन्ना हजारे जिंदाबाद व भारत माता की जय के नारे लगा रहा है। दिनेश के छोटे भाई मिथिलेश यादव व अमर जीत यादव का कहना है कि वह उन्हें पहचान रहा है, किंतु इन नारों के अलावा कुछ नहीं बोल रहा है। आवाज से लग ही नहीं रहा है कि उसकी स्थिति बेहद नाजुक है। बुधवार सुबह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने अमरजीत को फोन कर दिनेश के बारे में हालचाल पूछा। पूर्व सांसद प्रकाश चंद्रा ने अस्पताल पहुंच कर परिजनों से हालचाल पूछा।

No comments:
Post a Comment