, नई दिल्ली रामलीला मैदान से बुधवार देर रात को अन्ना हजारे को अस्पताल ले जाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने अन्ना समर्थकों का वेश धरने का प्लान बनाया था। टोपी व टीशर्ट सभी का इंतजाम हो चुका था। हालांकि इसके निर्देश अभी उसको आकाओं से मिलने बाकी थे। लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से पहले से ही सारी तैयारी कर ली थी। जिससे निर्देश मिलते ही कार्रवाई को अंजाम दिया जा सके। सूत्रों के अनुसार दिल्ली पुलिस सुबह से ही रामलीला मैदान में अनशन कर रहे अन्ना हजारे प्रकरण पर नजर बनाए हुए थी। सर्वदलीय बैठक में कोई नतीजा नहीं निकलता देख पुलिस अधिकारियों ने आगे की रणनीति के लिए अपनी बैठक शुरू भी कर दी थी। जब वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के साथ टीम अन्ना की बैठक विफल रही तब पुलिस को इस बात के संकेत मिल गए थे कि अन्ना हजारे को रामलीला मैदान से हटाकर डॉ. नरेश त्रेहान मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता है। अन्ना को हटाया जाता तो विरोध होता लिहाजा पुलिस ने रामलीला मैदान की चारों तरफ से घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस बल भी अचानक वहां बढ़ गया। आलम यह था कि रामलीला मैदान के चारों तरफ इस तरह बेरीकेटिंग की गई थी कि अंदर से निकलकर लोग बाहर सड़क तक नहीं आ सकते थे। इतना ही नहीं पुलिस ने तीन डीसीपी स्तर के अधिकारियों की डयूटी भी इस काम के लिए लगा दी। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान विरोध ना हो इसके लिए अन्ना को उठाने जाने वाली टीम को अन्ना समर्थकों के वेश में टोपी व टीशर्ट पहनने के निर्देश थे। जिससे कि कुछ समय के लिए लोगों को लगे कि टीम अन्ना के लोग अन्ना हजारे को उठाकर ले जा रहे हैं। मगर जिस समय पुलिस अधिकारी अन्ना मसले पर बैठक कर रहे थे उसकी पल पल की सूचना टीम अन्ना को मिल रही थी। यही वजह रही कि पुलिस की कार्रवाई से पहले ही टीम अन्ना एकाएक मंच पर आ गई। अन्ना ने भी लोगों से अपील कर दी कि यदि उनकी गिरफ्तारी होती है तो लोग दिल्ली कूच करें। तब तक पुलिस को निर्देश मिल चुके थे कि रात में अन्ना हजारे को नहीं उठाया जाएगा। लिहाजा पुलिस आयुक्त ने टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी को एसएमएस भेजकर गिरफ्तारी या अन्ना को अनशन स्थल से हटाए जाने से मना कर दिया। साथ ही कहा कि डाक्टर जब तक नहीं कहेंगे अन्ना हजारे को पुलिस नहीं हटाएगी। किरणबेदी ने पुलिस कमिश्नर का यह संदेश भी मंच से लोगों को सुनाया। हालांकि रात भर रामलीला मैदान में पुलिस की भूमिका को लेकर लेकर संशय में रहे। लोगों को डर था कि पुलिस तड़के अन्ना को उठा सकती है लिहाजा रात भर सैकड़ों की तादात में लोग रामलीला मैदान के गेटों पर जाग कर पहरा देते रहे।

No comments:
Post a Comment