Saturday, August 27, 2011

भ्रष्टाचार नोट कांड में अमर कुलकर्णी समेत चार को समन

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने संसद में नोट के बदले वोट देने के बहुचर्चित कांड में गुरुवार को सपा के निष्कासित नेता व राज्यसभा सांसद अमर सिंह, लालकृष्ण आडवाणी के पूर्व सहयोगी सुधींद्र कुलकर्णी और भाजपा के दो पूर्व सांसदों फग्गन सिंह कुलस्ते और महाबीर सिंह भगोरो को समन जारी किया। विशेष न्यायाधीश संगीता धींगरा सहगल ने इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए चार आरोपियों को छह सितंबर को अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है। साथ ही तिहाड़ जेल में बंद अमर सिंह के पूर्व सहयोगी संजीव सक्सेना और कथित भाजपा कार्यकर्ता सुहैल हिन्दुस्तानी को प्रोडक्शन वारंट भी जारी किया। अदालत ने पुलिस से पूछा कि इन लोगों को दो अन्य लोगों के साथ पहले गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उन्हें गिरफ्तार नहीं करने के लिए क्या कोई विशेष कारण है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की ओर से लोक अभियोजक राजीव मोहन ने अदालत से कहा, चारों को गिरफ्तार नहीं किया गया क्योंकि हिरासत में उनसे पूछताछ की जरूरत नहीं पड़ी। अदालत शुक्रवार को हिन्दुस्तानी की जमानत याचिका पर भी सुनवाई करने वाली है, जबकि सक्सेना की जमानत याचिका पर सुनवाई छह सितंबर को होगी। सक्सेना के वकील ने यह कहते हुए सुनवाई स्थगित करने की मांग की कि अपना पक्ष रखने से पहले वह अपने मुवक्किल के खिलाफ दायर आरोप पत्र को देखना चाहेंगे। दिल्ली पुलिस ने अपने आरोप पत्र में सभी छह लोगों को घोटाले में भूमिका के लिए आरोपित किया है।


No comments:

Post a Comment