: जन लोकपाल विधेयक के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का अनशन बुधवार को लगातार नौवें दिन जारी रहा। अन्ना यहां रामलीला मैदान में अनशन पर बैठे हैं। राजधानी समेत देश भर में उनके समर्थन में अनशन, धरना-प्रदर्शन, रैलियां और कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं। देश के हर शहर और कस्बे में भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग का बिगुल फूंकने वाले अन्ना की चर्चा हो रही है। तमाम तरह के तरीके अपना कर लोग अन्ना के प्रति समर्थन जता रहे हैं। हिमाचल: अन्ना हजारे के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए बुधवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में छह हजार से ज्यादा दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। दवाओं और खाने-पीने की सामग्री वाली दुकानों को हालांकि इस बंद से बाहर रखा गया। अन्ना के समर्थन में राज्य के सोलन, ऊना, कांगड़ा, धर्मशाला, चंबा, बिलासपुर और हमीरपुर आदि शहरों में पिछले कई दिनों से जुलूस निकाले जा रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी व्यापारियों ने बुधवार को अन्ना हजारे के समर्थन में अपना कामकाज बंद रखा। उन्होंने राज्य के कुछ हिस्सों में रैलियां भी निकालीं। बिहार : प्रदेश में धरने, प्रदर्शन, अनशन और कैंडल मार्च निकालने का सिलसिला जारी है। पटना के कारगिल चौक पर बुधवार को ऐसे ही एक प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बच्चों ने शिरकत की। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर तले किए गए इस प्रदर्शन में बच्चों के हाथों में अन्ना के प्रति समर्थन जताने वाले नारे लिखी तख्तियां थीं। प्रदर्शन में शामिल दूसरी कक्षा के छात्र आर्यन ने कहा, वह अन्ना दादा के साथ है। उड़ीसा: राजधानी भुवनेश्वर समेत कटक, संबलपुर, बरहामपुर, राउरकेला और बालासोर में छात्रों, वकीलों, कलाकारों, लेखकों, बुद्धिजीवियों और इंडिया अंगेस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। सूरत में मंगलवार शाम जबरन दुकानें बंद करा रहे अन्ना समर्थकों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ीं। जयपुर: अन्ना हजारे के समर्थन में राजस्थान के कई कस्बे बुधवार को भी बंद रहे। वहीं बीकानेर में अन्ना समर्थकों ने ट्रेन को रोका। जोधपुर में अन्ना समर्थकों ने सांसद चंद्रेश कुमारी के घर के बाहर धरना दिया। जयपुर में भी अन्ना समर्थकों का धरना जारी रहा। अलवर में अन्ना समर्थकों ने जुलूस निकाला। टोंक,कोटा,उदयपुर जिला मुख्यालयों पर भी अन्ना समर्थकों ने धरना दिया। देहरादून : बुधवार को राजधानी देहरादून में रैली व प्रदर्शन के अलावा केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ किया गया। पौड़ी गढ़वाल जिले में अन्ना समर्थकों ने कांग्रेस सांसद सतपाल महाराज की धर्मशाला ही घेर डाली। हरिद्वार में अन्ना के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई। कुमाऊं मंडल में कई संगठनों ने गुरुवार को बंद का एलान किया है। मलेरिया अधिकारी को ग्रामीणों ने खंभे से बांधा जमशेदपुर: अन्ना के आंदोलन की आग अब झारखंड के सुदूर गांवों तक पहुंचने लगी है। मच्छरों का लार्वा मारने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से छिड़काव की जाने वाली कीटनाशक दवाओं के बेअसर होने से नाराज कीताडीह के ग्रामीणों ने बुधवार को दवा छिड़काव कराने गए मलेरिया व फाइलेरिया अधिकारी को चार घंटे तक खंभे से बांध दिया। उनके साथ पहुंचे आठ कर्मचारी व पदाधिकारियों एवं इसकी खबर सुनकर पहुंची सिविल सर्जन को भी ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। बाद में दवाओं, ब्लीचिंग पाउडर व डीडीटी की जांच के लिखित आश्वासन के बाद सभी बंधक रिहा किए गए। इस दौरान ग्रामीण अन्ना हजारे जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।

No comments:
Post a Comment