Sunday, August 28, 2011

ई-एजुकेशन, ई-बैंकिंग के बाद आया ई-कैंडल मार्च का जमाना

, नई दिल्ली यदि आपको भ्रष्टाचार के खिलाफ रामलीला मैदान में पिछले दस दिन से जारी अन्ना हजारे की मुहिम में शामिल होने का अबतक मौका नहीं मिल सका है तो कोई बात नहीं। आप चाहें तो घर बैठे ही अन्ना की मुहिम को समर्थन देने के साथ ही साथ कैंडल मार्च में भी शामिल हो सकते हैं। चौंकने की जरूरत नहीं है। इस मार्च में शामिल होने के लिए आपको निजी तौर पर उपस्थित होने की जरूरत नहीं होगी बल्कि आपका वर्चुअल अवतार यहां हाथ में कैंडल लिए अपना विरोध जताता दिखाई देगा। जी हां, अन्ना हजारे के समर्थन में फेसबुक व ट्विटर पर चल रही मुहिम के इतर इन दिनों एक आनलाइन कैंडल मार्च भी निकाला जा रहा है। डब्लूडब्लूडब्लू डॉट एनमिलियन डॉट कॉम नामक इस वेब पोर्टल पर अबतक 16 हजार से अधिक लोग कैंडल मार्च में शामिल हो चुके हैं। ई चौपाल, ई एजुकेशन, ई पेमेंट, ई मार्केटिंग और ई बैंकिंग की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए फेसबुक व ट्विटर युग के नेटिजंस (नेट की दुनिया में जीने वाले लोग) के लिए अब ई कैंडल मार्च की भी सुविधा मौजूद हो चुकी है। इस मार्च में शामिल होने के लिए आपको मैच बॉक्स पर तीलियों को रगड़ने की नहीं बल्कि माउस पर सिर्फ एक क्लिक करने भर की जरूरत होगी। जी हां, एनमिलियन डाट काम नामक वेबपोर्टल पर रजिस्टर करने वाले सब्सक्राइबर मात्र एक क्लिक से आनलाइन कैंडल जलाकर कैंडल मार्च की मुहिम में शामिल हो सकते हैं। इस वेब पोर्टल पर इन दिनों अन्ना के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने की होड़ मची हुई है। वे अन्ना समर्थक जो अन्ना के अनशन, मसाल जुलूस व कैंडल मार्च में निजी तौर पर उपस्थित होने में सक्षम नहीं हो पाते, इस वेब पोर्टल पर कैंडल जलाकर अन्ना की मुहिम को समर्थन दे रहे हैं। कुछ ही दिनों में इस पोर्टल से 16 हजार से अधिक लोग समर्थन जाहिर कर चुके हैं। पोर्टल को एक्सेस करने के बाद स्क्रीन पर मौजूद कैंडल पर क्लिक करने पर यूजर की फोटो व ईमेल आईडी भी दर्ज हो जाती है।


No comments:

Post a Comment