Tuesday, August 30, 2011

अन्ना के समर्थन में सड़कों पर उतरा जनसैलाब

जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर बीते 12 दिनों से दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन पर बैठे समाजसेवी अन्ना हजारे के समर्थन में शनिवार को यूपी एवं उत्तराखंड में जनसैलाव सड़कों पर उतर आया। लखनऊ: शनिवार को भी अन्ना तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ है, अब न सहेंगे अत्याचार, खत्म करेंगे भ्रष्टाचार और जो सरकार निकम्मी है वह सरकार बदलनी है जैसे गगनभेदी नारों के बीच जोश भरते नारे लगाते हुए लोगों ने केन्द्र सरकार को आगाह किया। भदोही में अन्ना समर्थकों ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का पुतला फूंका तो इलाहाबाद विवि में छात्रों ने कक्षा का बहिष्कार किया। लखनऊ में जन लोकपाल बिल के समर्थन में जीपीओ से झूलेलाल पार्क तक जुलूस भी निकाला। इलाहाबाद में विवि के छात्र-छात्राओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। वाराणसी समेत पूर्वाचल के जिलों में शनिवार को भी प्रदर्शन का दौर जारी रहा। मऊ, जौनपुर, भदोही, चंदौली, बलिया, गोरखपुर-बस्ती,पडरौना, सिद्धार्थनगर, देवरिया, संत कबीर नगर एवं महराजगंज में भी लोगों ने जुलूस निकाल बिल पारित करने की मांग की। मेरठ, बरेली, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा अलीगढ़ और फिरोजाबाद में बाजार पूरी तरह से बंद रहे। गाजियाबाद में में जुलूस निकालकर जनप्रतिनिधियों के पुतलों को फांसी के फंदे पर लटकाया। पीलीभीत में मेनका फैंस क्लब और सहारनपुर में उद्योग प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का पुतला फूंका। शाहजहांपुर में हर वर्ग के लोगों ने एक किमी लंबा जुलूस निकाला। बागपत, बदायूं, हाथरस में भी प्रदर्शन हुए। फिरोजाबाद में अनशनकारियों का स्वास्थ्य बिगड़ता जा रहा है। देहरादून: अन्ना हजारे के समर्थन में उत्तराखंड में अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हरिद्वार में व्यापारियों ने तीर्थयात्रियों की सुविधा को देखते हुए कारोबार बंद नहीं रखा, लेकिन रुद्राभिषेक के माध्यम से अन्ना का साथ दिया। राज्यभर में तमाम संगठनों और स्कूली छात्रों ने रैली निकाल समर्थन जताया। देहरादून में अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कुछेक शहरों में व्यापारियों ने बैंक और सरकारी दफ्तर बंद कराए। संसद की कार्यवाही देखने के लिए भी लोग टीवी सेटों से चिपके रहे। बंद का आह्वान प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने किया था। राजधानी में अधिकांश बाजार बंद रहे। पेट्रोल पंप दोपहर बारह बजे बंद रहे, जबकि सिनेमा हॉल में पहले शो नहीं चले। शिव सेना ने प्रदर्शन कर गधों पर भ्रष्टाचार के प्रतीकात्मक पुतले घुमाए। गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न शहरों में व्यापारियों ने रैली निकालकर अन्ना की मांग का समर्थन किया। पीपलकोटी, चमोली, जोशीमठ, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चंबा, चाका, देवप्रयाग, श्रीनगर, नैनबाग, बर्नीगाड़ आदि स्थानों पर व्यापारिक प्रतिष्ठान रहे। कोटद्वार में महिलाओं ने रैली निकाली। गोपेश्वर, पांडुकेश्वर, बदरीनाथ में व्यापारियों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। रुड़की में अधिकांश दुकानें सुबह से ही बंद रही। हरिद्वार में व्यापारियों ने रुद्राभिषेक किया।


No comments:

Post a Comment