Thursday, August 25, 2011

अन्ना समर्थकों ने घेरा केंद्रीय कानून मंत्री का घर

नई दिल्ली जन-लोकपाल विधेयक पर समर्थन हासिल करने के लिए केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों का उनके घरों पर घेरेबंदी का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। उत्तर प्रदेश में केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के आवास का मंगलवार को भी घेराव किया गया। जबकि सोनीपत में कांग्रेस के सांसद जितेंद्र मलिक एवं जमशेदपुर के सांसद अजय कुमार खुलकर अन्ना के समर्थन में आ गए। उत्तर प्रदेश : फर्रुखाबाद के कायमगंज में बाबा महेश योगी ने किसानों व बाढ़ पीडि़तों के साथ गांव पितौरा में केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के आवास का घेराव किया। उन्होंने कहा 25 अगस्त तक जन लोकपाल बिल के हक में परिणाम न आया तो दोबारा घेराव करेंगे। पुलिस के रोकने के बाद भी सैकड़ों लोग खुर्शीद के घर पहुंचे और करीब एक घंटा तक डटे रहे। बाराबंकी में कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया व सुलतानपुर में सांसद संजय सिंह के कार्यालयों का घेराव किया गया। फैजाबाद में विभिन्न संगठनों ने सांसद डॉ. निर्मल खत्री के बजाजा (चौक) स्थित आवास पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया। लखीमपुर में भी सांसद जफर अली नकवी का घेराव कर उनसे जनलोकपाल के समर्थन में आने की मांग की। बस्ती में इंडिया अगेंस्ट करप्शन की टीम बसपा सांसद अरविन्द चौधरी के घर पहुंची और वहां रामधुन का पाठ किया। इसके बाद डुमरियागंज के कांग्रेस सांसद जगदम्बिका पाल के आवास पर टीम ने अन्ना हजारे के समर्थन में धरना दिया और नारेबाजी की। देवरिया में बसपा सांसद गोरख जायसवाल के कैंप कार्यालय पर धरना दिया गया। महराजगंज में कांग्रेस सांसद हर्षवर्धन सिंह के कार्यालय पर धरना- प्रदर्शन किया गया। बलिया में जन संगठनों ने चन्द्रशेखर नगर स्थित सांसद नीरज शेखर के आवास के सामने धरना-प्रदर्शन करके ज्ञापन भी दिया। आवास पर रहने वालों ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन लिया। सोनीपत : अन्ना समर्थक मंगलवार को कांग्रेसी सांसद जितेंद्र मलिक के घर प्रदर्शन करने पहुंचे। वहां जितेंद्र मलिक ने अन्ना को समर्थन देने की बात कह प्रदर्शनकारियों का जोश बढ़ा दिया। सांसद ने कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से आज देश व समाज का विकास प्रभावित हो रहा है। इसलिए भ्रष्टाचारी नेताओं व अफसरों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वे अन्ना के जन लोकपाल बिल का पूरी तरह समर्थन करते हैं। मंगलवार सुबह काफी संख्या में छात्र कुणाल गहलावत के नेतृत्व में रेलवे रोड स्थित सांसद जितेंद्र के घर नारेबाजी कर रहे थे। उसी वक्त सांसद घर से बाहर निकले व छात्रों से कहा कि वे भी अन्ना के साथ हैं। सांसद के इतना कहते ही छात्रों ने पूरे उत्साह से अन्ना के समर्थन में नारेबाजी की। सांसद ने कहा कि भ्रष्टाचार से आज सभी पीडि़त हैं। उन्होंने आंदोलनकारियों को अन्ना के आंदोलन की आड़ में राजनीति चमकाने वाले राजनेताओं से परहेज करने की सलाह दी। इसी बीच समाजसेवी महावीर शर्मा के नेतृत्व में भी काफी संख्या में युवाओं का जत्था भी उनके घर पहुंचा। इसके बाद समाजसेविका शांता जैन ने सांसद को गांधी टोपी पहनाई। जमशेदपुर : झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) (जेवीएम) के सांसद डॉक्टर अजय कुमार ने जन लोकपाल विधेयक के लिए अन्ना हजारे के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए यहां एक दिन का उपवास किया और संसद में मौजूदा स्वरूप में पेश किए जाने की स्थिति में केंद्र के प्रस्तावित लोकपाल विधेयक के खिलाफ मत देने का आग्रह किया। पूर्वी सिंहभूम जिले के सांसद ने संवाददाताओं से कहा कि हम मनमोहन सिंह नीत संप्रग सरकार को मुद्दों पर आधारित समर्थन दे रहे हैं और जेवीएम सरकार के प्रस्तावित लोकपाल विधेयक के मौजूदा स्वरूप के खिलाफ हैं। अगर सरकार जन लोकपाल विधेयक के प्रावधानों को शामिल करने के लिए प्रस्तावित विधेयक में संशोधन के लिए तैयार हो तो, क्या जेवीएम केंद्र को अपना समर्थन देगा, इस सवाल के जवाब में कुमार ने कहा कि हम ऐसे किसी भी कड़े लोकपाल विधेयक को अपना समर्थन देंगे जिसके दायरे में प्रधानमंत्री और अन्य आएंगे।


No comments:

Post a Comment