Thursday, August 25, 2011

अन्ना समर्थकों ने अमेठी में राहुल का पुतला फूंका

, नई दिल्ली अन्ना के आह्वान पर उनके समर्थक देश भर में अपने क्षेत्र के सांसद और मंत्रियों के घरों के सामने प्रदर्शन कर जन लोकपाल बिल का समर्थन करने की मांग जारी रखे हैं। मंगलवार को अन्ना समर्थकों ने जहां अमेठी में कांग्रेस महासचिव और स्थानीय सांसद राहुल गांधी का पुतला फूंका, वहीं चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री की कोठी का घेराव और जमकर प्रदर्शन किया। हालांकि वहां प्रदर्शनकारियों से अधिक संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। अमेठी में अन्ना समर्थकों ने राहुल के केंद्रीय कार्यालय के सामने राहुल, सोनिया गांधी और मनमोहन के खिलाफ न सिर्फ जमकर नारेबाजी की बल्कि कुछ देर बाद राहुल का पुतला भी फूंका। यही नहीं मंगलवार को एक और अजीब वाकया हुआ। सोमवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, कपिल सिब्बल, अंबिका सोनी और कांग्रेस प्रवक्ता व सांसद मनीष तिवारी के आवासों के बाहर 200 मीटर तक धारा 144 लगा दी थी। बस प्रशासन की यही चतुराई उस पर भारी पड़ी। आंदोलनकारियों को तो पता भी नहीं था कि शहर में कहां-कहां और किन-किन केंद्रीय मंत्रियों के घर हैं, लेकिन सुबह समाचार पत्र पढ़ने पर जब लोगों को इन लोगों के चंडीगढ़ के घरों का पता चला तो वे वहां धरना-प्रदर्शन करने पहुंच गए। हालांकि प्रशासन ने प्रेस रिलीज में प्रधानमंत्री के मकान को सेक्टर 11 ए में 727 बताया है, जबकि यह नंबर 747 है।


No comments:

Post a Comment