Monday, August 1, 2011

अमर का मामला बंद करने वाले दरोगा पर केस

कानपुर के बाबूपुरवा थाने में अमर सिंह के विरुद्ध दर्ज रिपोर्ट की विवेचना कर रहे आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के इंस्पेक्टर रमेश चंद्र आजाद के विरुद्ध हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन पर लचर तफ्तीश कर फाइनल रिपोर्ट लगाने का आरोप है। डीजीपी के निर्देश पर हजरतगंज कोतवाली में शुक्रवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। राज्यसभा सदस्य अमर सिंह के विरुद्ध कानपुर के बाबूपुरवा थाने में कानपुर नगर के शिवकांत त्रिपाठी ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी। शिवकांत अभी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने अमर सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की विवेचना ईओडब्ल्यू के इंस्पेक्टर रमेश चंद्र आजाद को सौंपी गई थी। रमेश चंद्र ने इस मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी। जानकारी पर शिवकांत त्रिपाठी ने डीजीपी से शिकायत की। इसके अलावा उन्होंने कई ऐसे बिंदु बताए जिससे सामने आया कि विवेचक ने अमर सिंह को राहत पहुंचाने के लिए आननफानन विवेचना पूरी कर अंतिम रिपोर्ट लगा दी। डीजीपी के निर्देश पर शुक्रवार को रिपोर्ट हजरतगंज में निल पर दर्ज की गई। विवेचक पर साजिश रचने, जालसाजी करने व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अलावा कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला कानपुर से जुड़ा है लिहाजा मामले की विवेचना कानपुर पुलिस के सिपुर्द होगी।

No comments:

Post a Comment