Monday, August 1, 2011

2जी घोटाले पर सफाई दें मनमोहन और सोनियाचेन्नई

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ जयललिता के नेतृत्व वाली अन्नाद्रमुक ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले को लेकर संप्रग सरकार और कांग्रेस पर हमला बोला है। अन्नाद्रमुक ने स्पेक्ट्रम घोटाले में जेल में बंद पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा के आरोपों के मद्देनजर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गृह मंत्री पी चिदंबरम और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी महासचिव जयललिता की अध्यक्षता में अन्नाद्रमुक कार्यकारी परिषद की शनिवार को यहां हुई बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें कहा गया है, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने हजारों करोड़ रुपये के घोटाले में पूर्व दूरसंचार मंत्री राजा द्वारा उनका नाम लिए जाने के कई दिन बाद भी कोई जवाब नहीं दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष और संप्रग की नेता सोनिया गांधी ने भी इस मुद्दे पर अभी तक अपनी राय व्यक्त नहीं की है। लोगों को इस मामले पर सच्चाई जानने का अधिकार है। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष से तत्काल अपने जवाब देने की मांग की गई है। बीते हफ्ते कोर्ट में अपने बयान में राजा ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में प्रधानमंत्री और तत्कालीन वित्त मंत्री चिदंबरम पर भी अंगुली उठाई थी। राजा का कहना था कि स्पेक्ट्रम लाइसेंसधारकों द्वारा हिस्सेदारी बेचने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से भी विचार-विमर्श किया गया था। जयललिता ने अपनी पार्टी के सांसदों को सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के दौरान स्पेक्ट्रम घोटाले और महंगाई समेत तमाम मुद्दों पर संप्रग सरकार को घेरने का निर्देश दिया है।

No comments:

Post a Comment