Wednesday, August 24, 2011

सुरक्षा घेरा तोड़ संसद के करीब तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

नई दिल्ली संसद की बहुस्तरीय सुरक्षा को धता बता कर मंगलवार को प्रदर्शनकारी इसके परिसर के बिल्कुल करीब तक पहुंच गए। इनमें से कोई परिसर के अंदर तो दाखिल नहीं हो सका, लेकिन आस-पास के इलाके में धारा 144 लागू होने और सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों के मौजूद होने के बावजूद हुई इस घटना ने पूरे सुरक्षा इंतजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों के इतने करीब पहुंचने पर संसद के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था को भी सतर्क करना पड़ा। मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा की ओर से संसद के घेराव और वामपंथी संगठनों के प्रदर्शन के कार्यक्रम को ध्यान में रख कर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी तादाद में संसद परिसर के चारों ओर तैनात किया गया था। इंतजाम ऐसे थे कि प्रदर्शनकारी आस-पास भी न फटक सकें। संसद से लगभग एक किमी दूर संसद मार्ग थाने के पास ही प्रदर्शनकारियों को रोके जाने का इंतजाम किया गया था। इन इंतजामों को धता बता कर प्रदर्शनकारी संसद के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों के करीब पहुंच गए। एक तरफ वामपंथी संगठनों की महिलाएं संसद मार्ग पर संसदीय सौध के प्रवेश द्वार के ठीक सामने तक पहुंच कर लंबे समय तक नारेबाजी करती रहीं। जबकि दूसरी तरफ झंडा-डंडा लिए भाजयुमो के प्रदर्शनकारी विजय चौक की ओर से भी संसद के प्रवेश द्वार के ठीक करीब पहुंच गए। दोनों ओर से प्रदर्शनकारियों के इतने करीब पहुंचता देख दिल्ली पुलिस के अलावा संसद की अंदरूनी सुरक्षा संभालने वाले वाच एंड वार्ड के सुरक्षा कर्मियों को भी सतर्क कर दिया गया। बड़ी तादाद में सुरक्षा कर्मी ठीक इसके प्रवेश द्वार पर पहुंच गए।


No comments:

Post a Comment